12 टीमों के बीच होगा दमदार मुकाबला, डीएम ने किया पुलिस कबड्डी कलस्टर प्रतियोगिता का शुभारंभ।
कबड्डी, जिम्नास्टिक, फेंसिंग और खो-खो में दमखम दिखाएंगे पुलिस जवान।
रुद्रपुर। 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में गुरुवार को तीन दिवसीय तृतीय प्रादेशिक अंतरजनपदीय/वाहिनी पुलिस कबड्डी कलस्टर प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने खेल टीमों के मार्चपास्ट की सलामी लेकर और फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही दोनों टीमों के कप्तानों के बीच टॉस कराकर कबड्डी मुकाबले की शुरुआत कराई।
प्रतियोगिता का पहला कबड्डी मुकाबला अल्मोड़ा और 46वीं वाहिनी पीएसी की टीमों के बीच खेला गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में कबड्डी के साथ जिम्नास्टिक, फेंसिंग और खो-खो के मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे।
खेलों से खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए 31वीं वाहिनी पीएसी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ ही उनमें अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करती हैं।
12 टीमों के खिलाड़ी कर रहे प्रतिभाग
31वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक देवेंद्र पिंचा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें 31वीं वाहिनी पीएसी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर, आईआरबी प्रथम, आईआरबी द्वितीय, 40वीं वाहिनी और 46वीं वाहिनी पीएसी की टीमें शामिल हैं।
इस अवसर पर उप सेनानायक मनोज कत्याल, सहायक सेनानायक विमल रावत, शिविरपाल राकेश माहरा, ज्योति प्रकाश, खुर्शिद अली, योगेंद्र देव, गोपाल सिंह बिष्ट, दयानंद रजवार, विनोद कपूर, पूरन सिंह बुंगला सहित रेफरी, खिलाड़ी और जवान मौजूद रहे।
