कलाम जयंती पर विद्यार्थियों को दी विश्व छात्र दिवस की जानकारी।

IMG-20261015-WA0011


विधिक सेवा प्राधिकरण ने विद्यार्थियों को निःशुल्क कानूनी सेवाओं और हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में किया जागरूक।


केलाखेड़ा। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर बुधवार को केबीएन मेमोरियल स्कूल, फिदानगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर की सचिव ममता पंत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को विश्व छात्र दिवस और निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ताहिर हुसैन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पराविधिक कार्यकर्ता मोहम्मद शहीद ने विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की हेल्पलाइन संख्या 15100 की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधक निजाम अख्तर ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 15 अक्टूबर 1931 को तमिलनाडु के रामेश्वरम में हुआ था। वह देश के महान वैज्ञानिक, एयरोस्पेस इंजीनियर और 11वें राष्ट्रपति थे। उन्हें देशभर में ‘मिसाइल मैन’ और ‘जनता के राष्ट्रपति’ के नाम से जाना जाता है।
उन्होंने बताया कि डॉ. कलाम ने सेंट जोसेफ कॉलेज, तिरुचिरापल्ली से भौतिकी में स्नातक तथा मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त की थी। वह जुलाई 2002 से जुलाई 2007 तक भारत के राष्ट्रपति रहे। उन्हें वर्ष 1981 में पद्म भूषण, 1990 में पद्म विभूषण और 1997 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। 27 जुलाई 2015 को शिलांग में विद्यार्थियों को व्याख्यान देते समय उनका निधन हो गया। उनके जन्मदिन को विश्व छात्र दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक निजाम अख्तर ने पराविधिक कार्यकर्ताओं की टीम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तहसील बाजपुर के पराविधिक कार्यकर्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत के निर्देशन में क्षेत्र में कानून के प्रति जागरूकता फैलाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में पराविधिक कार्यकर्ता रूना पारुल, सुनीता, गीता जोशी, अंजली, शिवानी तथा प्रोबोनो पीएलवी सिराज अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *