फसल नुकसान का आकलन कर किसानों को जल्द मिलेगा मुआवजा।

IMG-20261015-WA0008

फसल नुकसान का आकलन कर किसानों को जल्द मिलेगा मुआवजा

बाजपुर और गदरपुर में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि व आंधी-तूफान से फसलों को हुआ भारी नुकसान, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

रुद्रपुर। बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि एवं आंधी-तूफान से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद जिला प्रशासन ने मुआवजा वितरण की तैयारी तेज कर दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर फसल क्षति का सटीक आकलन करने और प्रभावित किसानों को जल्द राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, गन्ना एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का तत्काल आकलन पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षति का आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि प्रभावित किसानों को बिना देरी राहत एवं मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जा सके। फसलों के आंशिक और पूर्ण नुकसान का सही आकलन करने के लिए ड्रोन सर्वे की मदद लेने के निर्देश भी दिए गए।

पारदर्शिता के साथ होगा नुकसान का आकलन।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फसल क्षति के आकलन और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रहे, इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की गई। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से किसानों को हुए नुकसान को लेकर प्रशासन गंभीर है और संकट की इस घड़ी में प्रभावित किसानों के साथ खड़ा है। किसानों को जल्द से जल्द राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, डॉ. अमृता शर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, मुख्य उद्यान अधिकारी एसके शर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल, सहायक आयुक्त गन्ना शैलेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव हरीश चंद्र खंडूड़ी, एलडीएम कमल कुमार और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *