केंद्रीय कारागार में बंदी पर जानलेवा हमला, वांछित आरोपी गिरफ्तार।
पानी की टंकी की वाल से सिर पर किया था वार, उपचार के दौरान लगे थे छह टांके
सितारगंज। केंद्रीय कारागार सितारगंज में बंदी वाजिद अली उर्फ बब्लू पर जानलेवा हमला करने के मामले में सितारगंज पुलिस ने वांछित अभियुक्त मानवदीप सिंह उर्फ मानव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बाजपुर क्षेत्र के दौराहा चौराहे के पास से घेराबंदी कर पकड़ा। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उप जिला कारागार हल्द्वानी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 को केंद्रीय कारागार सितारगंज में निरुद्ध बंदी वाजिद अली उर्फ बब्लू के साथ देवेन्द्र सिंह उर्फ बाऊ, राबिश, मानवदीप सिंह उर्फ मानव और गौरव उर्फ गोपाल ने मारपीट की थी। आरोप है कि मारपीट के दौरान वाजिद अली को जमीन पर गिराकर पीटा गया और देवेन्द्र सिंह उर्फ बाऊ ने पानी की टंकी की वाल निकालकर उसके सिर पर वार कर दिया। हमले में वह बेहोश हो गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। उपचार के दौरान सिर पर छह टांके लगाए गए।
मामले में थाना सितारगंज में मु0 FIR संख्या 274/2026, धारा 109(1), 115(2), 351(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दौराहा चौराहे के पास, बाजपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त मानवदीप सिंह उर्फ मानव को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त मानवदीप सिंह उर्फ मानव (24 वर्ष), पुत्र सरनजीत सिंह, मूल निवासी महाराजपुर शिवनगर के पास, थाना स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी बाजपुर रोड दौराहा, कोतवाली बाजपुर, ऊधम सिंह नगर है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगत सिंह शाही, कांस्टेबल अर्जुन नगन्याल और कांस्टेबल प्रेम कनवाल शामिल रहे।
