भाजपा में खूब सिंह ‘विकल’ को मिली बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी।

IMG-20260930-WA0008


नैनीताल से चमोली तक आठ जिलों और आठ प्रकोष्ठों का मिला प्रभार।
देहरादून/सितारगंज। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड ने प्रदेश के विभिन्न प्रकोष्ठों की संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए जिलों एवं प्रकोष्ठों के प्रभार निर्धारित किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद प्रदेश प्रकोष्ठ-संकुल समन्वयक कौस्तुभानंद जोशी द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।
संगठनात्मक फेरबदल में प्रदेश प्रकोष्ठ संकुल सह-समन्वयक खूब सिंह ‘विकल’ को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें नैनीताल, रानीखेत, पिथौरागढ़, चंपावत, हरिद्वार, टिहरी, उत्तरकाशी और चमोली सहित आठ जिलों में संबंधित प्रकोष्ठों के संगठनात्मक संचालन, समन्वय और गतिविधियों की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही विकल को चिकित्सा, पूर्व सैनिक, गोरखा, आर्थिक, खेलकूद, व्यापार, पंचायत एवं लघु उद्योग समेत आठ प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। पार्टी के विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और व्यवसायिक वर्गों के बीच इन प्रकोष्ठों की गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।
इस नियुक्ति की जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री (संगठन) को भी प्रेषित की गई है। विकल को मिली बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी से उनके गृह क्षेत्र सितारगंज सहित भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है और उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है।
कागजों तक सीमित नहीं रहेंगे प्रकोष्ठ : विकल
बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर खूब सिंह ‘विकल’ ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश समन्वयक कौस्तुभानंद जोशी समेत पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो भरोसा जताया है, उस पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। प्रकोष्ठों को केवल बैठकों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय और सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मिशन-2027 के लक्ष्यों में प्रकोष्ठ प्रभावी भूमिका निभा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *